Newsgiri

NEWS THAT MATTERS

NEET UG 2026 परीक्षा दोबारा होगी, 21 जून को एग्जाम

NEET UG 2026 exam will be rescheduled on June 21

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बड़ा ऐलान

नई दिल्ली। छात्रों और विपक्ष के कड़े विरोध के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। शिक्षा मंत्रालय की ओर से मिली जानकारी के अनुसार, NEET UG 2026 परीक्षा अब 21 जून को दोबारा आयोजित कराई जाएगी।

शिक्षा मंत्री Dharmendra Pradhan ने प्रेस वार्ता के जरिए छात्रों को संबोधित करते हुए इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अगले साल से होने वाली NEET UG परीक्षा ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। साथ ही इस साल परीक्षार्थियों को 15 मिनट का अतिरिक्त समय भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि परीक्षा रद्द करने का फैसला छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

पेपर लीक मामले के बाद लिया गया फैसला

NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में लगातार बढ़ते विवाद और सरकार पर बढ़ते दबाव के बीच परीक्षा दोबारा कराने का निर्णय लिया गया। 3 मई 2026 को आयोजित NEET UG परीक्षा में करीब 22 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था।

11 मई को राजस्थान एसओजी की जांच में सामने आया कि सीकर में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम पर वायरल हुआ कथित “गेस पेपर” मूल प्रश्नपत्र से लगभग 85 प्रतिशत तक मेल खाता था। इसके बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया।

छात्रों और विपक्ष का विरोध तेज

इस फैसले के बाद कई छात्र संगठनों ने National Testing Agency के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों ने सरकार को घेरते हुए शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से NTA व्यवस्था खत्म करने की मांग की।

लोकसभा में विपक्ष के नेता Rahul Gandhi ने कहा:

“अब यह सिर्फ परीक्षा नहीं रही, बल्कि नीलामी बन गई है। परीक्षा से 42 घंटे पहले पेपर व्हाट्सऐप पर बिक रहा था।”

उन्होंने आगे कहा कि लाखों छात्रों ने दिन-रात मेहनत की, लेकिन एक ही रात में उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ हो गया।

अखिलेश यादव और केजरीवाल ने भी सरकार पर साधा निशाना

Akhilesh Yadav ने तंज कसते हुए कहा:

“अगर दोबारा परीक्षा होगी, तो क्या गारंटी है कि पेपर फिर लीक नहीं होगा?”

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि क्या सरकार में इतनी प्रशासनिक क्षमता और इच्छाशक्ति नहीं है कि वह एक परीक्षा भी बिना पेपर लीक के आयोजित करा सके।

वहीं Arvind Kejriwal ने प्रेस वार्ता में कहा कि पिछले 9 वर्षों में NEET का पेपर चार बार लीक हो चुका है और अब तक किसी बड़े आरोपी को सजा नहीं मिली।

उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा लगता है जैसे पूरे सिस्टम को सत्ता का संरक्षण मिला हुआ है।

बीजेपी ने विपक्ष पर राजनीति करने का लगाया आरोप

पेपर लीक विवाद पर बीजेपी ने विपक्ष पर राजनीति करने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि विपक्ष के पास कोई बड़ा मुद्दा नहीं है, इसलिए वह छात्रों से जुड़े संवेदनशील विषय पर राजनीति कर रहा है।

दिल्ली में जब मीडिया ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से पेपर लीक मामले पर सवाल पूछे, तो वह बिना प्रतिक्रिया दिए वहां से चले गए। इसके बाद विपक्ष को सरकार पर हमला बोलने का एक और मौका मिल गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *